माता वैष्णो देवी भवन पैदल मार्ग पर लैंडस्लाइड, दो महिला श्रद्धालुओं की मौत

माता वैष्णो देवी भवन पैदल मार्ग पर लैंडस्लाइड, दो महिला श्रद्धालुओं की मौत

नई दिल्ली। माता वैष्णो देवी यात्रा मार्ग पर आज एक बड़ा हादसा हो गया। भवन की ओर जाने वाले हिमकोटी पैदल मार्ग पर पंछी हेलीपैड के पास अचानक भूस्खलन हो गया है। बताया जा रहा है कि इसकी चपेट में दो श्रद्धालुओं की मौत हो गई है, जबकि कई अन्य यात्री घायल हो गए हैं, घायलों में बच्चा भी शामिल है।

राहत व बचाव कार्य चलाया जा रहा है। इस लैंडस्लाइड की घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इसमें देखा जा सकता है कि मलबा अचानक भरभराकर यात्रा मार्ग पर आ गिरा जिससे टीन शेड पूरी तरह से टूट गया। अगर यह शेड न होता तो नुकसान और भी अधिक हो सकता था।

वैष्णो देवी स्राइन बोर्ड की ओर से जानकारी में बताया गया है कि दोपहर तकरीबन 2 बजकर 35 मिनट पर माता के भवन से तीन किमी पहले पंछी के पास यह दुर्घटना घटी। सभी यात्रियों से सतर्कता बरतने का अनुरोध किया गया है। इस रूट पर यात्रा फिलहाल रोक दी गई है जबकि दूसरे मार्ग से यात्रा जारी है। बताया जा रहा है कि जम्मू कश्मीर में पिछले कुछ दिनों से बारिश जारी है। इसके चलते ही पहाड़ों से पत्थर दरक रहे हैं।

इससे पहले 15 अगस्त भी माता वैष्णो देवी यात्रा मार्ग पर भूस्खलन हुआ था, हालांकि गनीमत यह रही कि उस घटना में कोई घायल नहीं हुआ था। बता दें कि हर साल लाखों लोग माता वैष्णो देवी के दर्शन के लिए जाते हैं। नवरात्रि और दिवाली के समय श्रद्धालुओं की संख्या में काफी बढ़ोत्तरी हो जाती है। साल 2023 में 93.50 लाख श्रद्धालु माता वैष्णो देवी के दर्शन के लिए भवन पहुंचे थे। गर्मी, सर्दी, बरसात हर मौसम में पूरे साल यात्रा जारी रहती है।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *